आदित्यपुर : सोमवार दोपहर करीब 1:30 आदित्यपुर थाना अंतर्गत छोटा खरकई पुल पर उस वक्त अफरातफरी मच गई जब एक युवक पुल से कूदने की तैयारी में था. गनीमत रही कि उक्त मार्ग से गुजर रहे पत्रकार सुमित कुमार की नजर पड़ गई और उसने अपनी गाड़ी रोक झपट कर युवक को धर दबोचा. जिसके बाद अन्य राहगीरों ने भी युवक को पकड़ लिया. फिर युवक के दोस्त भी मौके पर पहुंच गए और उसे अपने साथ ले गए. उधर बड़ा पुल पर थाना प्रभारी दल बल के साथ ट्रैफिक जांच में जुटे थे. पत्रकार ने इसकी सूचना तत्काल थाना प्रभारी को दी, जिसके बाद थाना प्रभारी जांच छोड़ मौके पर पहुंचे. हालांकि तब तक आत्महत्या कर रहे युवक को उसके दोस्त अपने साथ लेकर मौके से चंपत हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जा रहा है कि युवक ने अपने किसी दोस्त को डेढ़ लाख रुपए कर्ज दिए थे. पैसे वापस लेने को लेकर घर वाले दबाव बना रहे थे. दोस्त पैसे नहीं लौटा रहा था. इससे युवक तनाव में था और इसी को लेकर वह आत्महत्या करने की नियत से खरकई पुल पहुंचा था. चश्मदीदों के अनुसार युवक चीख- चीख कर कह रहा था कि “मेरे मरने के बाद मेरे दोस्त से पैसे वसूल कर मेरी मां को पहुंचावा दीजिएगा.” युवक आदित्यपुर थाना अंतर्गत एमपी टावर का रहने वाला बताया जा रहा है. फिलहाल एक पत्रकार ने अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन किया इसको लेकर राहगीरों ने पत्रकार की भूरी-भूरी सराहना की.











