आदित्यपुर : जनवरी के अंतिम रविवार को भी जयप्रकाश उद्यान वनभोज से गुलजार रहा. उद्यान में आज विश्वकर्मा समाज, कुम्भकार समाज, स्कूली वाहन सेवा संचालक समिति, मिथिला संकीर्तन मंडली सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों का पारिवारिक मिलन सह वनभोज आयोजित हुआ. पूरा उद्यान परिसर पूरे दिन विविध व्यंजनों की खुशबू से महकता रहा. इस दौरान सभी संस्थानों एवं संगठनों ने वनभोज सह मिलन समारोह में एक-दूसरे से परिचय प्राप्त कर समाज और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया. बता दें कि वैश्विक महामारी कोरोना के प्रकोप के कारण दो साल के बाद वनभोज सह पारिवारिक मिलन कार्यक्रम के बहाने एकजुट हुए लोगों की खुशी देखते बन रही थी. (नीचे भी पढ़ें)
जमशेदपुर स्कूली वाहन सेवा संचालन समिति के अध्यक्ष संतोष मंडल ने वनभोज कार्यक्रम में सभी स्कूली वाहन चालकों का ईएसआइसी की सुविधा शुरू कराने का संकल्प लिया, साथ ही वैसे वाहन चालक जो मालिक के अधीन वाहन चलाते हैं, उनके लिए पीएफ की सुविधा बहाल कराने की बात भी कही. उन्होंने कहा कि आपातकालीन स्थिति में वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. ऐसे में ये दोनों सुविधाएं वाहन चालकों के लिए वरदान साबित होंगी. (नीचे भी पढ़ें)
उधर मिथिला संकीर्तन मंडली के वनभोज में अलग नजारा दिखा, जहां मंडली के सदस्य अपने नाम के अनुरूप मिथिला के मधुर गीतों से होली और भजन गाकर जयप्रकाश उद्यान के माहौल में मिठास घोल रहे थे. इस दौरान मंडली के लोगों ने मिथिला के लजीज व्यंजनों का लुत्फ भी उठाया. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं विश्वकर्मा समाज के पारिवारिक मिलन में सबसे ज्यादा भीड़ नजर आई. यहां अतिथि के रूप में आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह शामिल हुए, जबकि गणमान्य अतिथि गंगा प्रसाद शर्मा, वार्ड 17 की पार्षद नीतू शर्मा, डॉ. मंजू शर्मा व अन्य ने समाज की तरक्की और उत्थान के लिए आपसी भाईचारा और समाज के शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया. इस कार्यक्रम में युवाओं एवं बच्चों के लिए प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं जिन्हें अतिथियों द्वारा पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया.



