
आदित्यपुर: पिछले एक साल से सरायकेला- खरसावां जिला के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के लगभग सभी 35 वार्डों में 14 करोड़ से भी अधिक की विकास योजनाएं ठप पड़ी हुई है. इसको लेकर आदित्यपुर नगर निगम के मेयर एवं नगर आयुक्त ने शनिवार को सभी संवेदकों के साथ बैठक कर योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की. वैसे योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं से संवेदकों ने निगम को अवगत कराया. बताया जाता है, कि पूरे आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में सीवरेज- ड्रेनेज, पाइपलाइन और गैस पाइपलाइन को लेकर जहां-तहां गड्ढे कर छोड़ दिए गए हैं. जिससे विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने में संवेदकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. नगर निगम के मेयर ने जुस्को, जिंदल और गेल को जल्द से जल्द अपना काम पूरा करने का निर्देश दिया. साथ ही संवेदको को हो रहे परेशानियों का जल्द समाधान दिलाने का भरोसा दिलाया. उन्होंने बताया, कि निश्चित तौर पर उन एजेंसियों की वजह से पूरे निगम क्षेत्र का विकास कार्य अवरुद्ध पड़ा हुआ है. जल्द ही अगर तीनों एजेंसियां अपने कामों को नहीं करती है, तो आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. वैसे पूरे नगर निगम क्षेत्र के लोगों को इन दिनों काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जिसको लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया जा रहा है.













