
सरायकेला : जिले के कपाली ओपी अंतर्गत कमारगोड़ा की रहने वाली 20 वर्षीय संगीता किस्कू नामक नवविवाहिता ने अपने घर के पास पेड़ से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इधर मामले की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची कपाली पुलिस द्वारा मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार कमारगोड़ा के रहने वाले सीताराम किस्कू की 20 वर्षीय पत्नी संगीता किस्कू ने आज अपने घर के पास कुछ दूर पर स्थित एक पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मामले की जानकारी काफी देर बाद स्थानीय लोगों को हुई. इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना कपाली ओपी पुलिस को दी. इधर महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है. जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है. प्राप्त जानकारी के अनुसार मृत महिला की शादी 2 महीने पूर्व ही कमारगोड़ा के रहने वाले सीताराम किस्कू के साथ हुई थी. आशंका जाहिर की जा रही है कि पति-पत्नी के बीच विवाद को लेकर महिला ने यह कदम उठा लिया.













