जमशेदपुर : झारखंड वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ के अध्यक्ष, अधिवक्ता तथा आदित्यपुर नगर को आधुनिक, विकसित तथा राजनीतिक सत्ता को विकेन्द्रित कर और अधिक शक्ति और साधन नगर निगम को देने के लिए रचनात्मक संघर्ष करने वाले रवींद्र नाथ चौबे ने आदित्यपुर नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर संजय सरदार एवं उपमहापौर पद पर कांटे के टक्कर में एक मत से चुनाव जीतकर उपमहापौर के चुनाव को रोमांचक बनाते हुए जीत हासिल करने पर युवा नेता अंकुर सिंह को तथा सभी 35 पार्षदों को चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान करते हुए आग्रह किया है कि रचनात्मकता, विनम्रता और लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर कार्य करें. लेकिन सबसे पहले सभी लोग सबका साथ और सबका विकास के मूल मंत्र को महत्व देते हुए कार्य करें. (नीचे भी पढ़ें)
सबसे पहले महापौर, उपमहापौर और पार्षदों का टीम मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन से मिलकर आदित्यपुर नगर निगम के लंबित परियोजनाओं को तीन महीने में पूरा करने का आग्रह करें. दूसरा सफाई, नाली, और सड़कों को बनाने के लिए नई परियोजनाओं को स्वीकृत करें. खरकई नदी में जयप्रकाश उद्यान के पास दो वीयर तथा बाराज बनवाने की पहल करें तथा जयप्रकाश उद्यान को हरा भरा उद्यान के रूप में विकसित करे तथा खरकाई नदी के किनारे मेरिन ड्राइव सड़क बनवाने का पुण्य करें. वरिष्ठ नागरिकों के लिए भवन और पुस्तकालय तथा व्यक्तित्व निर्माण शाला बनवाने की कृपा करें. मुख्यमंत्री से मिलने के बाद नगर विकास मंत्री और नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव से मिलने का कार्य करें.




