
सरायकेला : सरायकेला- खरसवां जिला के कुकङु प्रखंड अंतर्गत नीमडीह थाना क्षेत्र के नादुटांड गांव में एक नव विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई. वहीं मामले की जानकारी मिलते ही नीमडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. बताया जाता है कि 18 बर्षीय कविता महतो का शव उसके कमरे से बरामद किया गया. पति सुनील महतो के अनुसार उसने फंदे से झुलकर आत्महत्या कर ली है. उसने बताया कि बुधवार सुबह वह अपने पिता को जमशेदपुर जाने के लिए बस पकड़ाने रघुनाथपुर गया था, लौटने पर अपनी पत्नी को फंदे से झूलता पाया. कमरा अंदर से बंद पाया, पड़ोसियों के सहयोग से दरवाजा तोड़कर भीतर प्रवेश कर फंदा काटकर नीचे उतारा लेकिन तबतक उसके पत्नी की मौत हो चुकी थी. बताया जा रहा है कि कविता के साथ दो माह पूर्व ही सुनील महतो की शादी हुई थी. घटना की जानकारी मिलते ही मृतका मायके वाले नाडुटांड़ पहुंचे. वहीं मृतका के परिजनों ने अपने दामाद एवं ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है. फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है. मृतका का मायका पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के बाग़मुंडी थाना अंतर्गत हुङुमदा गांव बताया जा रहा है.







