आदित्यपुर : आदित्यपुर स्थित श्रीनाथ पब्लिक स्कूल में मजदूर दिवस बड़े उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया. इस अवसर पर विद्यालय के प्रांगण में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के अध्यक्ष सुखदेव महतो, अकादमिक निदेशक दिलीप कुमार महतो, प्रधानाचार्य संजय कुमार सिंह सभी शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं कर्मचारियों ने हिस्सा लिया. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना एवं स्वागत भाषण से हुई. विद्यालय के प्राचार्य ने अपने संबोधन में विद्यालय में कार्यरत सभी सहकर्मियों के योगदान को सराहते हुए उनके परिश्रम और समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की. शिक्षिका पायल सिंह ने मजदूरों की महिमा का बखान करते हुए कहा कि आज धरती का जो स्वरूप है उसका श्रेय मजदूरों को जाता है, जो अनादिकाल से धरती को सजाने-संवारने में लगे हैं. छात्रों ने कविता, भाषण एवं नाटिका के माध्यम से मजदूरों के जीवन और उनके संघर्ष को प्रस्तुत किया. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर विद्यालय के सहायक कर्मचारियों को पुष्प-गुच्छ देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में श्रम के प्रति सम्मान एवं जागरूकता उत्पन्न करना था. अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.







