जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय शनिवार को अयोध्या पहुंचे. अयोध्या में वह परम पूज्य लक्ष्मीप्रपन्न जीयर स्वामी द्वारा संकल्पित श्रीलक्ष्मीनारायण महायज्ञ की पूर्णाहुति के अवसर पर पहुंचे. वहां धर्म सम्मेलन भी आयोजित किया गया है. श्री राय ने धर्म सम्मेलन में हिस्सा लिया. इस धर्म सम्मेलन में देश के उत्तर, दक्षिण,पूरब, पश्चिम सभी क्षेत्रों से दर्जनों की संख्या में पीठाधीश्वर पधारे हैं. यह जानकारी श्री राय ने दूरभाष पर दी. पावन नगरी अयोध्या के राजघाट स्थित श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ परिसर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला. जियर स्वामी महाराज के सान्निध्य में श्रीराम जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया. इस अवसर पर हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम का विधिवत शृंगार, पूजन और आरती कर जन्मोत्सव का उत्सव मनाया. पूरे परिसर में रामनाम की गूंज और भक्ति का वातावरण ऐसा था, मानो स्वयं अयोध्या त्रेतायुग की स्मृतियों में जीवंत हो उठी हो. हालांकि, धर्म नगरी अयोध्या के सरयू तट के राजघाट क्षेत्र में चल रहे भव्य 1251 कुंडीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के दौरान अचानक भीषण आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते पूरे यज्ञ पंडाल को अपनी चपेट में ले लिया. (नीचे भी पढ़ें)

हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में मची अफरा-तफरी ने हालात को और गंभीर बना दिया. मौके पर मौजूद प्रशासन, फायर ब्रिगेड और जनप्रतिनिधि राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं, जबकि इस हादसे ने धार्मिक उत्सव के माहौल को मातम में बदल दिया. इसमें कोई हताहत नहीं हुआ. यह महायज्ञ 20 मार्च से चल रहा था. दोपहर अचानक यज्ञशाला के एक हिस्से में आग की लपटें दिखाई दीं, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. चूंकि यज्ञशाला और आसपास का पंडाल सूखी घास, फूस और लकड़ी से बना था, इसलिए आग तेजी से फैल गई. दमकल की चार से अधिक गाड़ियां लगातार आग को बुझाने का प्रयास कर रही हैं. फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू टीम मुस्तैदी से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और संपत्ति के नुकसान को कम करने में जुटी हुई है.




