
Jamshedpur : रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम और राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के संयुक्त तत्वाधान में आगामी 4 से 7 जनवरी तक तीन दिवसीय नेत्र ज्योति महायज्ञ-2020 का आयोजन किया गया है. यह आयोजन बागबेड़ा के डीबी चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय परिसर में किया गया है. यह जानकारी सोसाइटी से मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने दी. उन्होंने बताया कि इस नेत्र ज्योति महायज्ञ यानी मेगा आई कैंप के दौरान मरीजों की आंखो की नि:शुल्क जांच व आवश्यकतानुसार ऑपरेशन किया जाएगा. शिविर में ऑपरेशन कराये मरीजों को नि:शुल्क चिकित्सा, दवा, आवासीय सुविधा, भोजन की सुविधा दी जायेगी. रोगियों को सिर धोकर व स्नान कर शिविर में आने की सलाह दी गयी है. साथ ही कंबल या मोटा चादर लेकर आने की भी सलाह दी गयी है. शिविर में नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह, डॉ जेएस बेदी, डॉ सुशील बाजोरिया, डॉ पूनम सिंह, डॉ कुमार साकेत, डॉ मलय द्विवेदी के अलावा सहयोगी टीम मौजूद रहेगी. शिविर का लाभ लेने के लिए इच्छुक व जरूरतमंद रोगी 4 व 5 जनवरी को सुबह 8.00 बजे से अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं. रजिस्ट्रेशन के लिए नेत्र रोगी अपने साथ कोई भी एक पहचान पत्र जरूर लेकर जाएं.







