
Jamshedpur : नागरिकता संशोधन बिल के विरोध में संविधान बचाओ संघर्ष समिति की ओर से 24 दिसंबर को आक्रोश मार्च निकालने की घोषणा की गयी है. इसका विरोध करते हुए हिंदू उत्सव समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उपायुक्त व एसएसपी से मुलाकात की तथा उन्हें ज्ञापन सौंप कर आक्रोश मार्च पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की मांग की. समिति के ज्ञापन के अनुसार नागरिकता संशोधन बिल के विरोध में संविधान बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले प्रस्तावित आक्रोश मार्च से पूरी तरह से सामाजिक सौहार्द्र बिगड़ने की आशंका है. चूंकि अपने शहर जमशेदपुर में पहले से ही चुनावी माहौल है और आचार संहिता व धारा 144 लागू है. चुनावी माहौल में वैसे भी तनातनी का माहौल रहता है. इस स्थिति का फायदा उठा कर उपद्रवी तत्व शहर में सौहार्द्र के माहौल को बिगाड़ सकते हैं. इस हवाले से 24 से पहले 19 दिसंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम पर भी तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की मांग की गयी है. समिति के अध्यक्ष रवि प्रकाश सिंह ने कहा कि यदि जिला प्रशासन 19 व 24 दिसंबर के उक्त कार्यक्रमों पर तत्काल प्रभाव से रोक नहीं लगाता है, तो 24 दिसंबर को ही मानगो स्थित गांधी मैदान में समिति के बैनर तले महाजुटान का आयोजन किया जायेगा. प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व रवि प्रकाश सिंह ने किया, जिसमें समिति के महामंत्री चिंटू सिंह, कोषाध्यक्ष वीर कुमार, मंत्री अक्षय कोड़ा, बलबीर मंडल, वरिष्ठ सदस्य मनीष कुमार, सह मंत्री अंकेश भुइयां, वरिष्ठ सदस्य अमित पाठक, सह मंत्री राहुल दुर्गे, ललित राव, सदस्य शशि सिंह व अन्य शामिल थे.







