
Jamshedpur : भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम, राम मनोहर लोहिया नेत्रालय द्वारा चिमनलाल भालोटिया सेवा संस्थान, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से समाजसेवी गोपालदास माहेश्वरी-कृष्णा माहेश्वरी के विवाह के 41वीं वर्षगांठ के अवसर पर तीन दिवसीय 571वां नेत्र शिविर यहां बागबेड़ा थाना स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में नेत्र रोगियों के विदाई के साथ सम्पन्न हुआ। शिविर के पहले दिन 14 दिसम्बर को 245 नेत्र रोगियों की आंखों की जांच नेत्र चिकित्सक डॉ जे एस बेदी एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा की गयी, जिसके पश्चात, नेत्र शिविर के दूसरे दिन नेत्र रोगियों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह, डॉ जेएस बेदी, डॉ सुशील बाजोरिया, डॉ पूनम सिंह एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा किया गया। ऑपरेशन सत्र का उद्घाटन शिविर संयोजक गोपाल माहेश्वरी-कृष्णा माहेश्वरी, आशीष माहेश्वरी, प्रीति माहेश्वरी एवं ऋद्धि-सिद्धि द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर राम मनोहर लोहिया नेत्रालय के अध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल, समाजसेवी चन्द्रमोहन सिंह, राकेश मिश्र, एवं अन्य मुख्य रूप से उपस्थित थे। सोमवार को ऑपरेशन कराये सभी नेत्र रोगियों को काला चश्मा व दवा प्रदान कर शिविर संयोजक गोपालदास माहेश्वरी ने विदा किया। इस अवसर पर शिविर का संचालन कर रहे रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि दिसम्बर महीने और दो नेत्र शिविरों का आयोजन होगा, जिसमें 21 से 23 दिसम्बर तक गुजराती भगिनी मंडल के संयोजन में नेत्र शिविर आयोजित किये जायेंगे, वहीं 28 से 30 दिसम्बर तक स्व मधु अग्रवाल की पुण्यस्मृति में महेश अग्रवाल सोनारी निवासी द्वारा नेत्र शिविर का संयोजन किया जायेगा।








