
बहरागोड़ा : कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने लॉक डाउन की घोषणा की है. लॉक डाउन होने से बहड़ागोड़ा के उच्च विद्यालय में स्थानीय प्रशासन द्वारा बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में बिहार, बंगाल समेत अन्य राज्यों के मजदूर को क्वारंटाइन किया गया है. क्वारंटाइन में रह रहे बिहार के रोहतास निवासी अरजीत कुमार का जन्मदिन बहरागोड़ा थाना प्रभारी चंद्रशेखर कुमार ने सभी क्वारंटाइन में रह रहे लोगों के साथ मनाया. इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि रोजाना की तरह क्वारंटाइन सेंटर का विजिट करने पहुंचे तो उक्त युवक ने उनसे मिलकर कहा कि सर आज हमारा जन्मदिन है. वह काफी खुश था. उसकी खुशी को दोगुना करने और घरेलू माहौल बनाने के लिए, उन्होंने अपने स्तर पर केक बनवाकर और लड्डू मंगवाकर रात 9 बजे पुलिस जवान और सभी क्वारंटाइन में रह रहे लोगों के साथ जन्म दिन मनाया गया. कहा कि उसके जन्मदिन पर सभी लोगों के बीच लड्डू का वितरण किया गया. जन्मदिन मनाकर उसे और अन्य लोगों ता मनोबल बढ़ाने के लिए उनके द्वारा एक छोटा सा प्रयास किया गया, ताकि क्वारंटाइन में रह रहे लोगों को घरेलू माहौल का अनुभव हो. इस दौरान सब इंस्पेक्टर टिंकू वर्मा, रवि रंजन समेत कई जवान और क्वारंटाइन में रह रहे सभी लोग उपस्थित थे.














