पटना: पटना जिले के बाढ़ में गुरुवार की सुबह-सुबह बड़ा नाव हादसा हो गया है. गंगा घाट से 14 लोगों को लेकर निकली छोटी नाव तेज हवा के कारण पलट गई. हादसे के बाद 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. अभी तक 3 शव बरामद हो गए हैं. बाकी 4 लोगों की तलाश जारी है.घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ के थानाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह, सीडीपीओ रामकृष्ण, एसडीएम गरिमा लोहिया और अंचलाधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे. राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है. वहीं एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है.(नीचे भी पढ़े)

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. आसपास मौजूद नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. वहीं बाकी लोगों के डूबने की खबर से इलाके में मातम पसरा हुआ है.बाढ़ का उमानाथ गंगा घाट जिले के सबसे व्यस्ततम घाटों में से एक माना जाता है. यहां से प्रतिदिन लगभग 20 नावें दियारा इलाके के लिए रवाना होती हैं. इन नावों के माध्यम से हर दिन बड़ी संख्या में लोग दियारा पहुंचते हैं और वहां से सब्जियों की ढुलाई कर वापस लौटते हैं. इस पूरे क्षेत्र में प्रतिदिन सब्जी के व्यापार से लाखों रुपये का कारोबार होता है और स्थानीय स्तर पर किसानों तथा सब्जी विक्रेताओं के बीच बेहतर सब्जी पहले लाने की होड़ लगी रहती है.घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों ने रेस्क्यू कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. इस दौरान जिलाधिकारी ने बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों के चल रही नावों पर कार्रवाई करने की बात कही. प्रशासन की टीम लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है.







