बरसोल : पूर्वी सिंहभूम जिला के बरसोल थाना क्षेत्र के भूतिया पंचायत का चंद्रपुर गांव शुक्रवार को गहरे शोक में डूबा हुआ है. घाटशिला से कच्चा आम लादकर बिहार की ओर जा रही एक पिकअप वैन (जेएच05डीयू-0147) को हजारीबाग के चरही ओवरब्रिज (एनएच-33) के पास रात करीब 2:30 बजे एक अज्ञात वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण टक्कर में वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, जिससे चंद्रपुर निवासी चालक सोना राम सोरेन (30) की घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई. वहीं, गंभीर रूप से घायल सहचालक रविंद्र नाथ मांडी (22) को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल भेजा गया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था, रांची सदर अस्पताल में इलाज के दौरान सुबह 11 बजे उन्होंने भी दम तोड़ दिया. चरही पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम के बाद शवों को गांव लाए जाते ही परिजनों की चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो उठा. (नीचे भी पढ़ें)

यह त्रासदी इसलिए भी बड़ी है क्योंकि दोनों मृतक अपने-अपने घरों के इकलौते सहारा थे, जो मेहनत-मजदूरी और ड्राइवरी कर अपने बुजुर्ग माता-पिता का पेट पाल रहे थे. इस हादसे ने सोना राम के 2 वर्षीय मासूम बेटे और रविंद्र नाथ की महज 6 महीने की दुधमुंही बेटी के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया छीन लिया है. बूढ़े मां-बाप और अनाथ हुए बच्चों के भविष्य पर अब अंधकार छा गया है, जिसे देखते हुए ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से इस बेसहारा परिवार को अविलंब आर्थिक सहायता और सहारा देने की गुहार लगाई है.







