पटना: बांका जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग पटना की कार्रवाई लगातार जारी है. इसी कड़ी में मंगलवार को निगरानी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फुल्लीडुमर प्रखंड के बीडीओ अमित प्रताप सिंह को 75 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई बांका के नेहरू कॉलोनी स्थित एक किराये के आवास पर की गयी. इसी दौरान घूस की रकम रखने वाले बीडीओ के मामा बच्चन कुमार को भी निगरानी टीम ने गिरफ्तार कर लिया.जानकारी के अनुसार, पंचायत समिति की 33 योजनाओं को संचालित करने के एवज में बीडीओ पर पांच प्रतिशत कमीशन के रूप में रिश्वत मांगने का आरोप था. इस मामले को लेकर प्रखंड प्रमुख गौतम प्रकाश ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज करायी थी.शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले की प्राथमिकी दर्ज करायी और आरोपों का सत्यापन कराया. (नीचे भी पढ़े)
सत्यापन के दौरान शिकायत सही पाये जाने के बाद निगरानी टीम ने कार्रवाई की पूरी तैयारी की.निगरानी विभाग के डीएसपी श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में छह सदस्यीय टीम ने रिश्वत लेने के लिए जाल बिछाया. तय योजना के अनुसार बीडीओ को 75 हजार रुपये की रिश्वत दी गयी. जैसे ही उन्होंने रकम अपने हाथ में ली, पहले से घात लगाकर बैठी निगरानी टीम ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया.बताया जा रहा है कि बीडीओ ने रिश्वत की रकम अपने मामा बच्चन कुमार को रखने के लिए दे दी थी. इसके बाद निगरानी टीम ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई के बाद दोनों को निगरानी विभाग की टीम अपने साथ पटना ले गयी.मालूम हो कि गत सोमवार को फुल्लीडुमर बीडीओ अमित प्रताप सिंह के साथ उनके कार्यालय कक्ष में मारपीट की घटना भी हुई थी. बताया गया था कि जाति प्रमाण पत्र बनाने को लेकर दो आवेदकों ने उनके साथ मारपीट की थी.इस मामले में बीडीओ की ओर से पूर्व मुखिया समेत तीन लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया था. अब रिश्वत लेते गिरफ्तारी के बाद बीडीओ एक बार फिर चर्चा में हैं.




