जमशेदपुर : कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने चीन से भारत में बढ़ते स्टील आयात पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर भारतीय इस्पात उद्योग के हितों की रक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है. कैट के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेश सोंथालिया ने कहा कि भारत आज विश्व के प्रमुख इस्पात उत्पादक देशों में शामिल है. देश के इस्पात उद्योग ने पिछले वर्षों में भारी निवेश कर उत्पादन क्षमता, तकनीक और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है. लेकिन चीन से लगातार बढ़ते तैयार स्टील के आयात ने घरेलू उद्योग के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं. सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल से अगस्त 2026 के बीच भारत में तैयार स्टील का आयात लगभग 34.87 लाख टन रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 29.5 प्रतिशत अधिक है. इसमें चीन की हिस्सेदारी लगभग 31.8 प्रतिशत रही. (नीचे भी पढ़ें)
चिंताजनक तथ्य यह है कि इस अवधि में भारत तैयार स्टील के मामले में शुद्ध आयातक बन गया. श्री सोंथालिया ने कहा कि यदि यही स्थिति जारी रही तो भारतीय इस्पात उत्पादकों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता, नए निवेश की संभावनाओं और रोजगार सृजन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है. विशेष रूप से तब, जब भारतीय कंपनियां देश की बुनियादी संरचना, सड़क, रेलवे, आवास, रक्षा और औद्योगिक विकास की जरूरतों को पूरा करने के लिए अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ा रही हैं. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार में प्रतिस्पर्धा का स्वागत है, लेकिन प्रतिस्पर्धा निष्पक्ष और समान अवसरों पर आधारित होनी चाहिए. यदि किसी देश से आयात असामान्य रूप से कम कीमतों पर होता है और उससे घरेलू उत्पादकों को नुकसान पहुंचता है, तो सरकार को उपलब्ध व्यापारिक सुरक्षा उपायों का प्रभावी इस्तेमाल करना चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)
कैट ने केंद्र सरकार से मांग की है कि चीन से होने वाले स्टील आयात की कीमतों और मात्रा की नियमित एवं गहन निगरानी की जाए, अनुचित मूल्य निर्धारण और डंपिंग की स्थिति में तथ्यों के आधार पर एंटी-डंपिंग एवं सेफगार्ड उपायों पर उचित कार्रवाई की जाए, भारतीय इस्पात उत्पादकों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में समान अवसर और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित की जाए, घरेलू इस्पात उद्योग में हुए निवेश, उत्पादन क्षमता और रोजगार को सुरक्षित रखने के लिए समयबद्ध नीति बनाई जाए, आयात नीति बनाते समय देश के दीर्घकालीन औद्योगिक हितों और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए. सुरेश सोंथालिया ने कहा कि यह मुद्दा केवल इस्पात कंपनियों के व्यावसायिक हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे देश के लाखों श्रमिकों, सहायक उद्योगों, व्यापारियों और संपूर्ण औद्योगिक अर्थव्यवस्था का भविष्य जुड़ा हुआ है. उन्होंने कहा कि भारत को एक मजबूत विनिर्माण अर्थव्यवस्था बनाने के लिए आवश्यक है कि घरेलू उद्योग को अनुचित विदेशी प्रतिस्पर्धा के सामने असहाय न छोड़ा जाए. सरकार को ऐसा संतुलित दृष्टिकोण अपनाना चाहिए जिससे एक ओर उपभोक्ताओं को उचित कीमत पर स्टील उपलब्ध हो और दूसरी ओर भारतीय उद्योग की आर्थिक व्यवहार्यता भी बनी रहे. कैट को विश्वास है कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल इस गंभीर विषय पर सकारात्मक पहल करेंगे और भारतीय इस्पात उद्योग के व्यापक हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे.












