
चाकुलिया : प्रखंड में सोमवार को नपं क्षेत्र में संचालित मनोहर लाल मध्य विद्यालय, मुसलिम बस्ती के उर्दू विद्यालय और अभ्यास मध्य विद्यालय में सरकार द्वारा घोषित लॉक डाउन की धज्जियां उड़ाई गई. बच्चों ने अपने अभिभावकों के साथ अपने-अपने विद्यालय में पहुंचकर मीड डे मील के तहत मिलने वाले चावल और राशि संग्रह किया. चावल और रुपये मिलने की सूचना पाकर विद्यालय में बच्चों की भीड़ उमड़ पड़ी. चावल लेने के लिए पहुंचे अधिकांश बच्चे मास्क भी नहीं पहने थे और विद्यालय में बच्चे एक दूसरे से सटकर चावल लेने के लिए कतार में खड़े थे. अभिभावकों की मानें, तो राज्य सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा ही लाक डाउन की घोषणा की धज्जियां उड़ाई जा रही है. जानकारी के अनुसार विभाग द्वारा शिक्षकों को मीड डे मील का चावल बच्चों के घर-घर जाकर देने का आदेश है परंतु शिक्षकों द्वारा ऐसा न कर बच्चों को ही स्कूल बुला लिया गया. ऐसे मे बच्चे सोशल डिस्टेंस भी नहीं बना पाये. यही हाल रहा तो कोरोना वायरस को रोकना आसान नही होगा.

सोशल डिस्टेंस के तहत बच्चों को दिया गया चावल और रुपये एचएम : अरविंद गिरि
इस संबंध में मनोहर लाल मध्य विद्यालय के एचएम अरविंद गिरि ने बताया कि सरकार और बीआरसी के आदेशानुसार सोमवार को विद्यालय में नामांकित बच्चों के बीच मीड डे मील के चावल और रुपये का वितरण किया गया. इस दौरान बच्चों के बीच सोशल डिस्टेंस का पूरा ख्याल रखा गया. उन्होंने बताया कि कक्षा 1-5वीं तक के प्रत्येक बच्चे के बीच 16 दिन के लिए 1.600 किलो चावल और 83.68 रुपये वितरण किया गया. वहीं कक्षा 6-8वीं तक के प्रत्येक बच्चे के बीच 3 किलो चावल और 146 रुपये का वितरण किया गया है.
लोकल बच्चों को विद्यालय में और दूर-दराज के बच्चों को उनके घर जाकर चावल देने का है आदेश : बीईओ
इस संबंध में बीईओ उदय प्रताप चौधरी ने कहा कि स्कूल में भीड़ नहीं करनी है. विभाग का आदेश है कि लोकल बच्चों को विद्यालय बुलाकर चावल देना है, वहीं दूर-दराज के बच्चों को उनके घर जाकर चावल और रुपये उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि अगर किसी विद्यालय के एकाउंट में रुपये नहीं आये हैं तो उस विद्यालय के शिक्षक राशि आने के बाद बच्चों के बैंक खाते में ट्रांसफर करेंगे, ऐसा विभाग का आदेश है.















