जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल में मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट बनवाने के नाम पर एक युवक से 4 हजार रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है. रेलवे में अप्रेंटिसशिप के लिए जरूरी मेडिकल प्रमाणपत्र बनवाने पहुंचे युवक का आरोप है कि अस्पताल परिसर में मौजूद दो लोगों ने उससे पैसे लिए, लेकिन इसके बदले उसे अधूरा और कथित फर्जी प्रमाणपत्र थमा दिया. मामले को लेकर पीड़ित ने शनिवार को एमजीएम थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
शिकायतकर्ता नारायण हुडू (18) धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के जुनबनी गांव का रहने वाला है. उसने पुलिस को बताया कि 13 नवंबर को वह रेलवे अप्रेंटिस के लिए मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट बनवाने एमजीएम अस्पताल पहुंचा था. रजिस्ट्रेशन कराने के बाद वह अस्पताल के प्रथम तल स्थित कमरा नंबर 102 में गया. उस दौरान उसके साथ चुकरीपाड़ा निवासी चित्तरंजन हांसदा (32) भी मौजूद था. दोनों ने वहां मौजूद गोविंद और अनिल नामक व्यक्तियों से मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र बनवाने की बात कही. आरोप है कि दोनों ने प्रमाणपत्र बनवाने का भरोसा देकर प्रत्येक युवक से 1500 रुपये लिए. इस तरह शुरुआती तौर पर 3000 रुपये का भुगतान किया गया. काम नहीं होने पर दोनों युवक वापस अपने गांव लौट गए. (नीचे भी पढ़ें)
नारायण के अनुसार, 14 नवंबर की सुबह जब उसने फोन कर प्रमाणपत्र के संबंध में जानकारी ली तो दूसरी ओर से फिर पैसे की मांग की गई. इसके बाद उसने 1000 रुपये और दे दिए. आरोप है कि कुल 4000 रुपये लेने के बाद भी उसे पूरा प्रमाणपत्र नहीं दिया गया, बल्कि अधूरा और कथित रूप से फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट थमा दिया गया. मामले की जानकारी अस्पताल में तैनात होमगार्ड जवानों को देने के बाद नारायण को अस्पताल अधीक्षक डॉ बलराम झा के पास ले जाया गया. युवक की शिकायत सुनने के बाद अधीक्षक ने उसे एमजीएम थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने की सलाह दी. साथ ही, मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांच कराने का आश्वासन दिया. अधीक्षक की ओर से बताया गया कि अस्पताल में गोविंद और अनिल नाम का कोई कर्मचारी कार्यरत नहीं है. ऐसे में आशंका जताई गई कि किसी बाहरी व्यक्ति ने अस्पताल परिसर में इस घटना को अंजाम दिया होगा. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, अस्पताल से जुड़े सूत्रों का दावा है कि वहां कार्यरत एक स्थायी कर्मचारी ने एक युवक को अपने सहयोगी के रूप में रखा हुआ है. आशंका जताई जा रही है कि इसी सहयोगी की भूमिका इस पूरे मामले में हो सकती है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. अब पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगा कि मेडिकल प्रमाणपत्र के नाम पर ठगी करने वाले लोग कौन हैं और इस पूरे मामले में अस्पताल के किसी कर्मचारी की भूमिका है या नहीं.












