
चाईबासा : झारखण्ड विधानसभा प्राक्कलन समिति के सभापति सह चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा की पहल पर सदर, खूंटपानी, टोन्टो प्रखंड के क्षेत्रों में कई गांव टोलों का अंधकार दूर हो गया है. इन क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर खराब होने से बिजली आपूर्ति ठप थी. शाम ढलने के बाद पूरा क्षेत्र अंधकारमय हो जाता था, लेकिन अब विधायक श्री बिरुवा के प्रयास से गांव में बिजली आपूर्ति बहाल हो गयी है. ग्रामीणों ने जब अपने-अपने गांव में ट्रांसफार्मर खराब होने और बिजली आपूर्ति ठप होने की समस्या विधायक के पास रखी, विधायक श्री बिरुवा ने तुरंत ही विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता से बात कर जानकारी देते हुए उक्त गांव टोलों में ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराते हुए बिजली आपूर्ति बहाल कराने का निर्देश दिया. विधायक की पहल पर सभी गांवों में ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी. सदर प्रखंड के बाईबोड़दोर में 63 केवी ट्रांसफार्मर और सात बिजली पोल, परमपंचो तथा करलाजुड़ी में 25 केवी का दो ट्रांसफार्मर, खूंटपानी प्रखंड के पंडावीर पंचायत के बोंडोलगुटू व नीचे टोला में 25-25 केवी का दो ट्रांसफार्मर, बड़ालगिया एवं मुंडासाई में दो ट्रांसफार्मर, टोन्टो प्रखंड के हेस्सा सुरनियां, कुलूगुटू में ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया गया.














