चाईबासा : प्रमंडलीय आयुक्त वीरेंद्र भूषण के द्वारा प्रमंडल अंतर्गत तीनों जिला पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम व सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त को पत्र लिखकर कोविड-19 की रोकथाम के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये हैं. आयुक्त की ओर से कहा गया है कि ऐसे कई मामले सामने आए हैं जिसमें प्रवासी मजदूर पैदल ही अपने घरों की तरफ जा रहे हैं तथा कोल्हान प्रमंडल अंतर्गत जिलों में कोविड-19 के संक्रमित मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है. इसे ध्यान में रखकर आयुक्त के द्वारा संक्रमण से बचाव तथा प्रवासियों को राहत पहुंचाने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गये हैं. इसके तहत क्वारंटाइन सेंटर में लगातार साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के लिए उड़नदस्ता (फ्लाइंग स्क्वायड) गठन किया जाये. समय-समय पर क्वारंटाइन सेंटर के कमरों को सैनिटाइज किया जाये. प्रवासी मजदूर जो पैदल अपने घरों की तरफ जा रहे हैं उनके लिए भोजन तथा घर तक जाने के लिए वाहन का प्रबंध करवाया जाये. अगर मजदूरों को लाने के लिए वाहन दूसरे राज्य भेजा जाना है तो प्रयास किया जाए कि उस राज्य के मजदूर को वाहन के साथ भेजा जाए न कि खाली वाहन भेजा जाये.














