
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की जामुआ पंचायत के विभिन्न गांव से सटे साल जंगलों में विगत पांच दिनों से 45 हाथीयों के झुड कई हिस्सों में बंट कर रह रहे है. पंचायत में हाथियों के शरण लेने से ग्रामीण दहशत में है. ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों के झुंड विभिन्न जंगलों में बंट कर रह रहे हैं. दिन भर हाथी गांव से सटे जंगल में रहते हैं और शाम होते ही जंगल से निकलकर गांव में प्रवेश कर जमकर उत्पात मचाते हैं. हाथियों के भय से ग्रामीण शाम होते ही अपने-अपने घरों में दुबक जा रहे हैं. ग्रामीणों ने कहा कि विगत पांच दिनों से हाथियों का झुंड पंचायत में शरण लिए हुए है, वन कर्मी हाथियों को भगाने का प्रयास करते है, परंतु हाथी गांव से सटे जंगल से बाहर जाने का नाम नहीं ले रहे हैं. विभाग द्वारा उपलब्ध कराये गये टार्च, पटाखा समेत अन्य सामग्रियों के साथ ग्रामीण किसी तरह रतजगा कर हाथियों को गांव से भगाने का काम करते हैं.

ग्रामीणों ने कहा कि शाम होते ही हाथी जंगल से निकलकर गांव में प्रवेश कर जाते हैं और खेत में रोपे गये धान के बिचड़ा को पैरो तले रोंदकर नष्ट कर रहे हैं. हाथियों ने बांस की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है. बरसात के दिनों में बांस की झाड़ से निकलने वाले राइजोम को खाने के लिए हाथी बांस की झाड़ को तोड़कर नुकसान पहुंचा रहे हैं. पंचायत में कई किसानों ने बांस की खेती की है, परंतु हाथियों के झुंड ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है. हाथियों के झुंड से क्षेत्र के बांस के किसानों को लाखों का नुकसान हुआ है. इस संबंध में रेंजर अशोक सिंह ने कहा कि पंचायत में हाथियों के झुंड के आने की सूचना है. विभाग हाथियों के झुंड पर नजर बनाये हुए है. हाथियों को भगाने के लिए टीम जुटी हुई है, परंतु हाथी विभिन्न हिस्सों में बंटे हुए हैं. इस कारण टीम को हाथियों भगाने में काफी परेशानी हो रही है. हाथियों को भगाने की दिशा में वह वरीय पदाधिकारी को सूचित कर उचित परामर्श लेकर आगे की पहल करेंगे. श्री सिंह ने कहा कि हाथियों के झुंड से हुई किसानों की क्षति पूर्ति के रूप में विभाग की ओर से उचित मुआवजा दिया जायेगा.














