
चाकुलिया : चाकुलिया लैम्पस कार्यालय में मंगलवार को विधायक समीर महंती ने किसानों के बीच बीज का वितरण किया. इस अवसर पर विधायक ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है. किसान समृद्ध होगा, तो राज्य का विकास होगा. हेमंत सोरेन की सरकार किसानों के विकास के प्रति कृत संकल्पित है. सरकार ने किसानों के विकास के लिए कई योजनाएं पारित की है. हम सबको मिलकर व्यवस्था में परिवर्तन करना होगा, तब जाकर किसानों को समय पर बीज और खाद मिलेगा. उन्होंने कहा कि इस वर्ष हेमंत सोरेन की सरकार ने समय पर लैम्पस में एमटीयू 7029 सरनों धान बीज की बोरी 490 रुपये में किसानों के लिए उपलब्ध करायी है. किसान 25 किलो का पैकेट धान बीज 490 रुपये में लेकर समय पर आधुनिक तरीके को अपनाके हुए खेती कर आत्मनिर्भर बनें. इस अवसर पर सीओ अरविंद ओझा, डीएओ मिथिलेश कालिंदी, प्रभारी कृषि पदाधिकारी देव कुमार, अक्षय महंती, रविन्द्रनाथ मिश्रा, गौतम दास, मोहन माइती, विशाल बारिक समेत अन्य लोग उपस्थित थे.






