
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला के चांडिल थाना पुलिस को पॉलिटेक्निक कॉलेज में चोरी मामले में आज फिर से सफलता मिली है. जहां पुलिस ने मामले से जुड़े तीन और अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. सभी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं. दो अपराधकर्मियों का नाम बुद्धेश्वर हांसदा और मंगल हांसदा बताया जाता है. वैसे इस बार भी एक नाबालिग की संलिप्तता सामने आई है. वहीं पुलिस ने इनके पास से चोरी के 18 पंखे बरामद किए हैं. इससे पूर्व भी पुलिस ने एक नाबालिग सहित दो चोरों को चोरी के 12 पंखों के साथ गिरफ्तार किया था. पुलिस ने अब तक चोरी गए 30 पंखों को बरामद कर लिया है, जबकि अभी भी 18 पंखे बरामद नहीं किए जा सके हैं. आपको बता दें कि चांडिल थाना अंतर्गत डैम रोड स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज से पिछले दिनों 41 ट्यूब लाइट, 48 पंखा, एक एलसीडी और एक वॉटर प्यूरीफायर की चोरी हो गई थी. जिसकी शिकायत कॉलेज के प्रिंसिपल नीरज प्रियदर्शी ने चांडिल थाना में की थी जहां पुलिस ने कार्यवाई करते हुए अब तक दो नाबालिग सहित चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है. फिलहाल पुलिसिया अनुसंधान जारी है.






