
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले में एक दुख पहुंचाने वाली घटना घटित हुई है. वैसे यह कहा जाता है कि जब यातनाएं सिर के ऊपर बहने लगती है तो कोई न कोई उसका जवाब देने वाला आ ही जाता है. ऐसा ही कुछ हुआ सरायकेला-खरसावां जिल में. सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र के पाटा हेंसल गांव में एक नाबालिग पुत्र ने पारंपरिक हथियार से वार कर अपने पिता की हत्या कर दी. वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हत्यारे पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही हथियार भी जब्त कर लिया है. वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है. बताया जा रहा है कि मृतक चकाई सोय अक्सर अपनी पत्नी (हत्या करने वाले युवक की मां) को पीटता था, जिसको लेकर बीती रात उसके नाबालिग पुत्र से मारपीट हुई.

वहीं अपने पिता के हरकत से आक्रोशित पुत्र ने पारंपरिक हथियार से हमला कर अपने पिता को काट दिया, जिससे पिता की घर पर ही मौत हो गयी. पुलिस घटना की सूचना पाकर पहुंच कर जांच में जुटी है. पुलिस ने हत्यारे बेटा को गिरफ्तार कर लिया है. हत्यारे बेटे ने हत्या करने पर किसी तरह का अफसोस होने की बात से इनकार किया है और कहा है कि उनको अपने किये पर कोई पश्चाताप नहीं है. उसने पुलिस को बताया है कि उसका पिता अक्सर बेवजह उसकी मां को पीटता रहता था. मां की पिटाई को वह बचपन से ही देखता था. वह जब बड़ा हुआ तो बेटा अक्सर अपने पिता को रोकता था. पिता के साथ ही उसका झगड़ा हो जाया करता था. सोमवार की आधी रात को भी मां की पिटाई पिता द्वारा किया जाने लगा, जिसके बाद उसने अपने पिता को पहले रोकने की कोशिश की. पिता ने बेटे को भी पीटा और मां को भी पीटने लगा, जिसके बाद बेटे ने एक धारदार हथियार को उठाया और अपने पिता पर ही गुस्से से इतनी बार हमला कर दिया कि पिता लहुलुहान होकर वहीं धाराशायी हो गयी. उसने बताया कि उसको हत्या करने का अफसोस नहीं है, उसको खुशी है कि मां को मुक्ति दिला दी.







