चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की सरडीहा पंचायत के पाकुरिया गांव निवासी फकीर मुर्मू की गर्भवती पत्नी आरती मुर्मू (30) की उपचार में हुई लापरवाही के कारण सीएचसी में मौत हो गई. घटना की सूचना पाकर विधायक समीर महंती सीएचसी पहुंचे और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रंजित मुर्मू से घटना की जानकारी ली. मौके पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा हुई लापरवाही पर श्री महंती ने रोष जताते हुए संबंधित पदाधिकारी और कर्मचारी पर जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है. घटना के संबंध में जानकारी देते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रंजित मुर्मू ने कहा कि मंगलवार की सुबह आरती मुर्मू का प्रसव कराने के लिए परिजनों ने सीएचसी में भर्ती कराया था. गर्भ में बच्चा बड़ा हो गया था, महिला का प्रसव नॉर्मल न होकर सीजर से बच्चे का जन्म होता. उक्त महिला की जांच डॉ सम्पा मन्ना कर रही थीं. डॉक्टर ने उक्त महिला को सीएचसी से बेहतर इलाज के लिये क्यों रेफर नहीं किया गया यह जांच की विषय है. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने विधायक को आश्वस्त किया कि वे इस घटना पर विभागीय कारवाई करेंगे. बुधवार को डॉ सम्पा मन्ना से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा और घटना की जानकारी सिविल सर्जन को देकर उचित कार्रवाई की जाएगी. डॉ मुर्मू के अश्वासन पर आक्रोशित लोग शांत हुए. मौके पर राजा बारीक, टुलू साव, जगन्नाथ महतो, महेश्वर मल्लिक समेत अन्य उपस्थित थे.







