
चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत कार्यालय से सटे एफसीआई गोदाम में विगत कई वर्षो से कल्याण विभाग द्वारा दी गई दर्जनों साइकिल पड़े पड़े नष्ट हो रही हैं.गोदाम में पड़ी साइकिल धूल फांक रही है. वही कई गरीब विद्यार्थी साइकिल के अभाव में कई किमी दूर पैदल चलकर स्कूल पहुंचते हैं. विभागीय लापरवाही के कारण दर्जनों साइकिल पड़ी-पड़ी गोदाम की शोभा बढ़ा रही है. नपं के उपाध्यक्ष सुमित लोधा और पार्षद देवानंद सिंह ने बीडीओ लेखराज नाग से मिलकर उक्त साइकिल का वितरण नपं क्षेत्र के जरूरतमंद विद्यार्थियों में कराने की मांग की है.

जन प्रतिनिधियों ने कहा कि गोदाम में पड़े-पड़े साइकिल बर्बाद हो रही है. विभाग अगर आदेश दे तो नपं के तहत उक्त साइकिलों की मरम्मत कराकर नपं क्षेत्र में जरूरतमंद विद्यार्थियों के बीच वितरण किया जा सकता है. बीडीओ ने जन प्रतिनिधियों से कहा कि वह इस संबंध में जिला कल्याण पदाधिकारी से बात कर उचित दिशा-निर्देश लेने के बाद कुछ कह सकते हैं. उक्त साइकिलें कल्याण विभाग द्वारा प्रखंड के गरीब विद्यार्थियों के बीच वितरण कराने के लिए उपलब्ध करायी गयी थीं. किसी कारणवश साइकिलों का वितरण नहीं हो पाया है.















