
चाकुलिया : बहरागोड़ा विधान सभा से झामुमो के समीर महंती ने चुनाव बाद घोषणा की है कि उनकी विधायकी का पहला वेतन गरीबों के नाम पर खर्च होगा. अपने वेतन के रुपयों से अपने क्षेत्र के वैसे लोगों की मदद करेंगे जिनको देखने-सुनने वाला कोई नहीं है. असहाय लोगो की मदद अपने वेतन के रुपयों से करते रहेंगे. अपने विधायकी के पहले वेतन से समीर महंती ने चाकुलिया प्रखंड की कालियाम पंचायत के खांडदेवली गांव निवासी असहाय वृद्ध- वृद्धा को मदद करने की घोषणा की है. 75 साल के वृद्ध अनंत पात्रो और उनकी 67 वर्षीय पत्नी कुसुम बाला पात्रो बदहाल झोपड़ी में रहने को विवश हैं. अबतक सरकार की ओर से इन्हें पीएम आवास तक नहीं मिला है. कड़ाके की ठंड में किसी तरह से तिरपाल की झोपड़ी बनाकर रहने को विवश हैं. वृद्ध और वृद्धा दोनों को देखने-सुनने वाला कोई नहीं है. गांव की मदद से ये अपना गुजारा कर रहे हैं. हालांकि सरकार की ओर से इन्हे पेंशन और राशन मिलता है, लेकिन आवास नहीं होने के कारण सबसे अधिक परेशानी है. ऐसे में समीर महंती ने विधायक बनने के बाद घोषणा की है कि उनका पहला वेतन गरीबों के नाम पर होगा. गांव के ग्रामीणों ने भी समीर महंती को धन्यवाद दिया है कि काफी वर्षों से वृद्ध और वृद्धा दोनो किसी तरह झोपड़ी में रहते हैं, अगर पक्का मकान बन जाता है तो काफी मदद होगी. वृद्ध अनंत पात्रो ने बताया कि उनकी चार पुत्री और एक पुत्र था. चारों पुत्री की शादी हो गयी है और पुत्र का देहांत हो गया. अब वे घर में अकेले रहते हैं. शादी के बाद पुत्री कभी-कभी आती है लेकिन देखने-सुनने वाला कोई नहीं है. उनकी हालत को देखकर गांव के ग्रामीण उनकी मदद करते हैं, पहले उनका मट्टी का मकान हुआ करता था लेकिन इसी साल बरसात के दिनों में मिट्टी का घर भी ध्वस्त हो गया. लगातार हो रही बारिश से घर की दीवार टूट गयी है. अब वे छोटी सी झोपड़ी बनाकर रहते हैं. चुनावी दौरा के क्रम में समीर महंती ने जब देखा तो उन्होंने गांव के लोगों से कहा था कि अगर वे चुनाव जीतते हैं, तो सबसे पहला काम माता-पिता समान इस वृद्ध दंपति के लिये पक्के मकान की व्यवस्था करवायेंगे. समीर महंती अब चुनाव जीत चुके हैं और घोषणा की है कि अपने विधानसभा क्षेत्र के वैसे सभी गरीब परिवारों को अपने वेतन के रुपयों से मदद करेंगे जिनको देखने सुनने वाला कोई नहीं है.







