- चाकुलिया प्रखंड में 142 स्कूलों में दिए गए हैं टेबलेट
- टेबलेट में आज भी राज्य के मुख्यमंत्री हाय रघुवर दास
- टेबलेट में मुख्यमंत्री द्वारा कैशलेस और डिजिटल झारखंड बनाने की अपील की जा रही है

राजन सिंह
चाकुलिया : झारखंड के मुख्यमंत्री बदल गए हैं. यानी कि रघुवर दास राज्य के मुख्यमंत्री नहीं है. 29 दिसंबर को मुख्यमंत्री के रूप में हेमंत सोरेन ने शपथ ली है, परंतु शिक्षा विभाग इससे अनभिज्ञ है. क्योंकि सरकारी स्कूलों में राज्य सरकार द्वारा दो साल पूर्व दिए गए टेबलेट में मुख्यमंत्री रघुवर दास अपने संदेश के साथ आज भी नजर आ रहे हैं. इसे बदलने की दिशा में शिक्षा विभाग द्वारा अभी तक कोई पहल नहीं की गई है. राज्य सरकार द्वारा चाकुलिया प्रखंड के 177 विद्यालयों में से 142 विद्यालयों में टेबलेट उपलब्ध कराए गए थे. उक्त टेबलेट में शिक्षकों की बायोमेट्रिक हाजिरी बनती है. विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज होती है और ज्ञान सेतु कार्यक्रम के दैनिक डाटा उपलब्ध कराये जाते हैं. टेबलेट को खोलने से मुख्यमंत्री रघुवर दास की बोलती हुई तस्वीर आती है. तस्वीर के नीचे मुख्यमंत्री रघुवर दास लिखा रहता है. संदेश के रूप में मुख्यमंत्री रघुवर दास द्वारा कहा जाता है कि ‘माननीय प्रधानमंत्री ने कैशलेस और डिजिटल इंडिया बनाने की अपील की है. इसके तहत राज्य सरकार द्वारा सरकारी पदाधिकारियों और कर्मचारियों को स्मार्टफोन और टेबलेट प्रदान किया गया है. कैशलेस और डिजिटल झारखंड बनाने में सहयोग करें’. स्कूलों के शिक्षक जब टेबलेट को खोलते हैं तो उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में रघुवर दास नजर आते हैं. इस संबंध में कुछ शिक्षकों से बात करने पर शिक्षकों ने कहा कि टेबलेट से मुख्यमंत्री रघुवर दास की तस्वीर और संदेश हटाना आसान नहीं है. यह काम संबंधित टेबलेट की कंपनी ही कर सकती है. शिक्षकों ने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा इस मसले पर अभी तक किसी प्रकार का निर्देश नहीं दिया गया है.








