
मुसाबनी : मुसाबनी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी अजय कुमार रजक ने पश्चिम मुसाबनी के मेरी टोला (सबर बस्ती) गांव का दौरा किया. इस दौरान सबर बस्ती में रह रहे 8 सबर परिवारों के लिए स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत बनाये गये शौचालयों की जांच की. सारो सबर, आरती सबर, शिवानी सबर और अजय सबर द्वारा शौचालय का उपयोग नहीं किया जा रहा था और उनके शौचालय भी गंदा था. प्रखण्ड विकास पदाधिकारी ने तत्काल शौचालय की सफाई कराई और सबरों को शौचालय साफ करने के लिए हारपीक एवं ब्रश दिया. बीडीओ ने सबरों को शौच करने के लिए शौचालय का प्रयोग करने के प्रति जागरूक किया. इस दौरान सभी सबरों के बीच ठंड से बचने के लिए कंबल का भी वितरण किया गया और छोटे-छोटे बच्चों के बीच चॉकलेट का वितरण किया गया. सभी सबरों के बच्चों को आंगनबाडी केन्द्र में पढाई करने का निर्देश दिया गया. साथ ही सबरों के बीरसा आवास का भी निरीक्षण किया गया और पंचायत सचिव को एक माह के अंदर पूरा करने का निर्देश दिया गया. इस मौके पर पंचायत सचिव शिव शंकर पाल, एसबीएमजी एवं अन्य उपस्थित थे.








