जमशेदपुर : पश्चिम सिंहभूम के चाईबासा स्थित कोल्हान विश्वविद्यालय में शनिवार को विश्वविद्यालय की क्रमशः एकेडमिक काउंसिल, स्टेच्यूड कमेटी और डिसीप्लीनरी कमेटी की बैठक हुई. इन बैठकों में कमेटी के तहत आने वाले विषयों पर आवश्यक निर्णय लिये गये. एकेडमिक काउंसिल की बैठक में राजभवन से स्वीकृत पीएचडी रेग्युलेशन को लागू करने पर सहमति बनी. साथ ही नये साल (वर्ष 2023) की छुट्टी का कैलेंडर तैयार कर लिया गया. बैठक में जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित एबीएम कॉलेज में हिंदी और भूगोल तथा करनडीह स्थित एलबीएसएम कॉलेज में हिंदी और राजनीति विज्ञान में स्नातक (पीजी) की पढ़ाई शुरू करने पर सहमति बनी. इन दोनों ही कॉलेजों में उक्त विषयों में पीजी की पढ़ाई अगले सत्र से आरंभ होगी. (नीचे भी पढ़ें)
पीएचडी प्रवेश परीक्षा रविवार को
इसके अलावा एकेडमिक काउंसिल में पीएचडी प्रवेश परीक्षा राज्यपाल द्वारा स्वीकृत रेग्युलेशन के आधार पर कराने का निर्णय लिया गया. इस संबंध में जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के प्रवक्ता प्रभात कुमार पाणि ने बताया कि परीक्षा रविवार (18 दिसंबर) को हो रही है. इसके लिए पूरे कोल्हान में दो परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. चाईबासा में टाटा कॉलेज तथा जमशेदपुर में को-आपरेटिव कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है. परीक्षा का संचालन दोपहर 12 से 3 बजे तक होगा. परीक्षार्थियों को परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र उपलब्ध करा दिया गया है. यदि किसी कारणवश किसी परीक्षार्थी को प्रवेश पत्र नहीं मिल सका हो, तो वे परीक्षा केंद्र पर आधा घंटा पहले पहुंच कर प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं. हालांकि विश्वविद्यालय की ओर से सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा के लिए निर्धारित समय से आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गयी है. (नीचे भी पढ़ें)
एसीपी व एमएसीपी का प्रारूप सिंडिकेट को अग्रसारित
डॉ पाणि ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से एसीपी और एमएसीपी का प्रारूप तैयार किया गया है. वह प्रारूप विश्वविद्यालय को प्राप्त हो गया है. स्टेच्यूड कमेटी की बैठक में इस प्रारूप पर सैद्धांतिक सहमति प्रदान कर दी गयी. इसके साथ ही अग्रेतर कार्रवाई के लिए प्रारूप को सिंडिकेट के पास अग्रसारित कर दिया गया है. संभवतः सिंडिकेट की आगामी बैठक में इस पर विचार किया जायेगा. (नीचे भी पढ़ें)
गिरफ्तार प्रोफेसर डीके मित्रा निलंबित
डिसिप्लीनरी कमेटी की बैठक में जमशेदपुर को-आपरेटिव कॉलेज के डॉ दीपक कुमार मित्रा के मसले पर विचार किया गया. वित्तीय घोटाला के मामले में डॉ डीके मित्रा को पिछले दिनों पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इसके मद्देनजर बैठक में विचार-विमर्श करने के पश्चात डॉ मित्रा को निलंबित कर दिया गया. बता दें कि सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ आरके दास के कार्यकाल में एबीएम कॉलेज और जमशेदपुर को-आपरेटिव कॉलेज में वित्तीय घोटाले का मामला प्रकाश में आया था. जांचोपरांत उसे सही पाया गया था. इसके बाद विश्वविद्यालय की ओर से दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गयी थी. साथ ही संबंधित थानों में मामला दर्ज कराया गया था. उसी मामले में पिछले दिनों जमशेदपुर पुलिस ने डॉ मित्रा और एबीएम कॉलेज के सेवानिवृत्त (फिलहाल संविदा पर कार्यरत) चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी श्याम सुंदर सिंह को गिरफ्तार किया था. उसके बाद डॉ मित्रा के खिलाफ विश्वविद्यालय की ओर से निलंबन की कार्रवाई की गयी है.











