लिस्बन: क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास ले लिया है. 41 साल के रोनाल्डो ने गुरुवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि नवंबर के इंटरनेशनल ब्रेक के बाद वह पुर्तगाल की नंबर-7 जर्सी टीम को लौटा देंगे. रोनाल्डो का सफर 20 अगस्त 2003 को कजाकिस्तान के खिलाफ शुरू हुआ था. तब वह सिर्फ 18 साल के थे. अगले 23 साल में उन्होंने पुर्तगाल के लिए 234 मैच खेले और सबसे ज्यादा 146 गोल किए. रोनाल्डो ने वीडियो में कहा कि राष्ट्रीय टीम के साथ मैदान पर मेरा सफर खत्म हो रहा है. मैं गर्व के साथ विदा ले रहा हूं. मैंने पुर्तगाल के लिए अपना सब कुछ दिया. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने यह भी कहा कि पीछे मुड़कर देखने पर उन्हें सिर्फ मैच, गोल, रिकॉर्ड और ट्रॉफियां याद नहीं आतीं, बल्कि वे लोग याद आते हैं जिन्होंने इस सफर को खास बनाया. रोनाल्डो ने 2006 में जर्मनी में अपना पहला वर्ल्ड कप खेला था. इसके बाद वह 2010, 2014, 2018, 2022 और 2026 के टूर्नामेंट में भी पुर्तगाल की टीम का हिस्सा रहे. इस तरह उन्होंने लगातार 6 वर्ल्ड कप खेले. वह छह अलग-अलग वर्ल्ड कप में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी भी बने. इन टूर्नामेंट में उन्होंने कुल 27 मैच खेले और 11 गोल किए. 2026 में उज्बेकिस्तान के खिलाफ गोल करके उन्होंने यह रिकॉर्ड बनाया था. हालांकि, उनका वर्ल्ड कप जीतने का सपना अधूरा ही रह गया. टीम का सबसे अच्छा प्रदर्शन 2006 में रहा, जब वह सेमीफाइनल तक पहुंची और चौथे स्थान पर रही.












