जबलपुर : मध्यप्रदेश के जबलपुर से भीषण हादसे की खबर मिल रही है. यहां बरगी बांध में क्रूज डूब जाने के कारण कई लोगों की डूबने से मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि क्रूज में 30 लोग सवार थे. बरगी बांध में क्रूज डूबने की खबर लगते ही प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्य में लग गए हैं. एसडीआरएफ और पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू में जुटी हुई है. बचाव कार्य में मोटर बोट और स्पीड बोट को भी लगाया गया है. बताया जा रहा है कि शाम को बारिश के साथ चली तेज आंधी के दौरान क्रूज बरगी बांध की लहरों के बीच फंसने के कारण डूब गया. (नीचे भी पढ़ें)
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम पर्यटकों से भरा क्रूज बरगी बांध में खमरिया टापू के पास तेज आंधी और तूफान के कारण उठी लहरों में संतुलन खो जाने के कारण डूब गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार क्रूज में 30 लोग सवार थे, जिनमें से 15 के तैर कर बाहर निकल आने की बात बताई जा रही है. आधिकारिक तौर पर मिली जानकारी के अनुसार समाचार लिखे जाने तक बांध से कम से कम चार लोगों के शव बरामद हो चुके हैं. बाकी के 12 लोगों के लिए राहत एवं बचाव कार्य जोर-शोर से चलाया जा रहा है. बताते चलें कि बरगी बांध जबलपुर से करीब 35 किमी दूर नर्मदा नदी पर बांध बना हुआ है.




