
चक्रधरपुर : पुरानी रांची रोड स्थित मोदी किचेन कार्यालय में भाजपा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने प्रेस कॉफ्रेंस आयोजित कर कहा कि लॉकडाउन के दौरान विभिन्न राज्यों में फंसे मजदूर व छात्रों को झारखंड लाने का श्रेय मोदी सरकार को जाता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह व रेल मंत्री पीयूष गोयल के आदेशानुसार विभिन्न राज्यों में फंसे मजदूर, छात्र-छात्राओं को अपने-अपने राज्यों में लाने का बड़ा कदम उठाया है. एक मई मजदूर दिवस के दिन से प्रवासी मजदूर व छात्र-छात्राओं को लाने का कार्य शुरू किया गया, जो लगातार चल रहा है. उन्होंने कहा कि इसके लिए तो राज्य सरकार के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को केंद्र सरकार को धन्यवाद देना चाहिए, परंतु यहां श्रेय लेने के लिए लोग लगे हुए हैं. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के कारण ही आज सभी मजदूर भाई अपने-अपने घर लौट रहे हैं.














