गढ़वा : गढ़वा जिले में तेंदुए के बढ़ते हमलों के मद्देनजर स्थानीय वन विभाग हमलावर तेंदुए को पकड़ने की कोशिश तो कर ही रहा है, साथ ही वन अधिकारियों ने आम लोगों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है.(नीचे भी पढ़ें)

गढ़वा दक्षिणी वन प्रमण्डल पदाधिकारी शशि कुमार ने बताया कि जिले के रमकण्डा प्रखंड के कुशवार गांव में तेंदुए ने एक बच्चे, एक बकरी एवं एक गाय के बछड़े को मार दिया है. उन्होंने कहा कि विभाग तेंदुए को पकड़ने का हर संभव प्रयास कर रहा है. फिर भी उन्होंने आम लोगों के लिए तेंदुए से जान-माल की सुरक्षा के लिए कुछ सुझाव भी दिये हैं. उन्होंने आमलोगों को नव वर्ष पर पिकनिक मनाने जंगल में नहीं जाने, महिलाओं को अकेला नहीं छोड़ने एवं महिलाओं को समूह में ही बाहर निकलने की सलाह दी है. इसके अलावा सुबह एवं शाम में तेंदुओं की अधिक सक्रियता होने की बात बताते हुए उन्होंने किसी भी काम के लिए चार-पांच लोगों के समूह में ही बाहर जाने एवं वन क्षेत्र में किसी जानवर को देख कर उसका पीछा नहीं करने की सलाह भी दी है. इसी तरह मवेशियों को खेतों में या चराने ले जाते समय उके गले में घंटी बांधन, सुबह-शाम शौच के लिए झाड़ियों की ओर न जाने, अपने घर के आस-पास रसोई का कचरा जमा नहीं करने एवं कहीं तेंदुआ होने की जानकारी मिलने पर वन विभाग को सूचित करने की सलाह भी दी है.



