
जमशेदपुर : बारीडीह में रविवार की दोपहर ‘पति-पत्नी और वो’ का हाई प्रोफाइल ड्रामा देखने को मिला. घटना उस वक्त की है, जब बारीडीह निवासी डॉ विकास के घर एक महिला वकील पहुंची थी. उसी वक्त वहां उनकी पत्नी पहुंच गयी, जिससे डॉ विकास की पटरी नहीं जमती है. घर में महिला वकील को देखते ही डॉक्टर की पत्नी आपा खो बैठी और आक्रोशित हो मारपीट पर आमादा हो गयी. इस दौरान पत्नी ने महिला वकील के साथ हाथापाई की है. वहीं अपने डॉक्टर पति की भी चप्पल से पिटाई की. मौके पर उपस्थित पुलिस की मानें, तो यह मामला संपत्ति विवाद का है, जो करीब ढाई वर्ष से चल रहा है.

वहीं डॉक्टर की पत्नी ने अपने पति पर हमेशा ही किसी ने किसी महिला से संपर्क रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि दो महीने पहले ही वह जेल से आया है. महिलाओं से संपर्क रखने का विरोध करने के कारण हमेशा झगड़ा होता रहता था. इसे लेकर वह हमेशा मुझे घर से चले जाने को कहता था. अत: अब अलग रहती हूं. वहीं डॉक्टर ने मीडिया को बताया कि उनके और पत्नी के बीच तलाक का मामला न्यायालय में चल रहा है. इसे लेकर महिला वकील उनके घर आयी थीं. तब तक पत्नी वहां पहुंच गयी और गलत आरोप लगाते हुए झगड़ा शुरू कर दिया. महिला वकील ने भी कहा कि तलाक के मामले को लेकर वह डॉक्टर विकास के घर आयी थीं. इस बीच उनकी पत्नी वहां पहुंच गयी और स्थिति यहां तक पहुंच गयी. बहरहाल मामला जो भी हो, घटनास्थल पर पहुंचने के बाद से पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है.






