जमशेदपुर: हावड़ा टाटानगर स्टील एक्सप्रेस में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रेन की सी3 बोगी में आग लगने की खबर सामने आई. घटना के बाद ट्रेन में तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाया गया और सुरक्षा के मद्देनजर बोगी में सवार यात्रियों को नीचे उतार दिया गया. बताया जा रहा है कि जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त ट्रेन काफी तेज रफ्तार में चल रही थी. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बोगी के इलेक्ट्रिक पैनल में चूहा घुस गया था. आशंका जताई जा रही है कि चूहे के जलने से इलेक्ट्रिक पैनल में आग लगी. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की जानकारी मिलते ही ट्रेन में मौजूद रेलकर्मियों ने तत्परता दिखाई और एहतियातन यात्रियों को बोगी से बाहर निकाला गया. गनीमत रही कि आग ने विकराल रूप नहीं लिया और समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया. घटना में फिलहाल किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है. घटना के बाद आवश्यक जांच और सुरक्षा संबंधी कार्रवाई पूरी कर ट्रेन को दोबारा रवाना कर दिया गया. फिलहाल ट्रेन घाटशिला स्टेशन पार कर चुकी है और करीब एक घंटे की देरी से चल रही है. घटना से यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा, हालांकि बड़ा हादसा टलने से सभी ने राहत की सांस ली.












