जमशेदपुर : जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरन महतो ने पोटका प्रखंड अंतर्गत पाडंरसिली में पावर सब स्टेशन के निर्माण कार्य भूमि पूजन एवं शिलान्यास कर शुभारंभ कराया. इस पावर सब स्टेशन के निर्माण से सम्पूर्ण पोटका एवं कोवाली क्षेत्र के सभी ग्रामीण क्षेत्र लाभान्वित होंगे तथा विद्युतीकरण एवं विद्युत आपूर्ति निर्बाध गति से की जाएगी. उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व झारखंड बिजली ट्रांसमिशन निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक आर एल पासवान ने सांसद श्री महतो से मुलाकात कर पूर्वी सिंहभूम जिले के अंतर्गत विद्युत ट्रांसमिशन संबंधी विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी दी थी. इस जानकारी के क्रम उन्होंने बताया पूर्वी सिंहभूम में जादूगोड़ा, उल्दा (गालूडीह)एवं हाता में पावर सबस्टेशन की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है एवं इसका डीपीआर भी यथाशीघ्र बनेगा. तत्पश्चात इसका टेंडर किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

इसके साथ-साथ उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पटमदा, मोहरदा (जमशेदपुर)और गुड़ाबांदा में भी पावर सबस्टेशन बनाने का प्रस्ताव है. उल्लेखनीय है कि इन सब स्टेशनों का निर्माण से 133/32 केवीए के ट्रांसमिशन का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सकेगा और पूर्वी सिंहभूम में विद्युत आपूर्ति की बड़े पैमाने पर समस्या का समाधान हो जाएगा. इससे ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्र में निर्बाध आपूर्ति संभव हो सकेगी. इसी क्रम में पोटका के पाडंरसिली में पावर सबस्टेशन का निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया. इसकी लागत लगभग 70 करोड रुपए के आसपास है. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर सांसद श्री महतो ने कहा कि पावर सबस्टेशन का निर्माण से विद्युत आपूर्ति निर्बाध रूप से हो सकेगा. इसके साथ ही साथ किसानों से लेकर उद्योगों और घरेलू उपभोक्ताओं को भी विद्युत आपूर्ति की समस्याओं से निजात मिल सकेगा. उन्होंने कहा यह पोटका क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात है. आज इस अवसर पर मुख्य रूप से पोटका के विधायक संजीव सरदार, जिला पार्षद सविता सरदार, मुखिया सरस्वती मुर्मू के साथ-साथ जसवंत महतो एवं भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे.


















