पलक्कड़ : केरल की पलक्कड़ साउथ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विस्फोटकों की बड़ी खेप बरामद की है. इसे एक मिनी लॉरी में तरबूज की आड़ में तस्करी कर ले जाया जा रहा था. यह कार्रवाई बुधवार रात करीब 9 बजे पलक्कड़ गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज के पास याक्कारा सर्विस रोड पर हुई. इस मामले में पुलिस ने लॉरी चालक सेंथिल कुमार को हिरासत में ले लिया है, जो तमिलनाडु का रहने वाला बताया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई इंस्पेक्टर विपिन कुमार को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर की गई. सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी और संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की. इसी दौरान एक मिनी लॉरी को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और आगे बढ़ने लगा. इसके बाद पुलिस ने लॉरी का पीछा किया और आखिरकार सर्विस रोड पर उसे घेरकर रोक लिया. (नीचे भी पढ़ें)
जब पुलिस ने लॉरी की तलाशी ली तो सभी हैरान रह गए. तरबूजों से भरी दिखने वाली लॉरी के नीचे 100 से ज्यादा बॉक्स छिपाए गए थे, जिनमें करीब 18 हजार जिलेटिन स्टिक और 4,800 डेटोनेटर रखे थे. पुलिस का कहना है कि ये बेहद खतरनाक और महंगे विस्फोटक हैं. इनका इस्तेमाल आमतौर पर खदानों और पत्थर तोड़ने के काम में किया जाता है. सुरक्षा को देखते हुए मौके पर बम स्क्वॉड को भी बुलाया गया ताकि विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से संभाला जा सके. (नीचे भी पढ़ें)
शुरुआती पूछताछ में चालक सेंथिल कुमार ने बताया कि यह विस्फोटक तमिलनाडु के धारापुरम इलाके के थुप्पूर से लाया जा रहा था और इन्हें केरल के त्रिशूर जिले तक पहुंचाना था. हालांकि, पुलिस को शक है कि इसके पीछे एक बड़ा तस्करी नेटवर्क काम कर रहा है. इसी वजह से चालक से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ये विस्फोटक किसके लिए और किस उद्देश्य से ले जाए जा रहे थे.







