
जमशेदपुर : भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा 15 जून से 15 अगस्त 2020 तक रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम का सदस्यता अभियान प्रारम्भ हो गया है, जिसकी शुरुआत सोमवार को साकची स्थित रेड क्रॉस भवन में रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने की. उन्होने कहा कि यह वर्ष भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी के लिए विशेष महत्व का है, जब हम अपना 100वां स्थापना वर्ष मना रहे हैं, साथ ही हम सभी एक वैश्विक आपदा से लड़ रहे हैं, जिसमें पूरी दूनिया में रेड क्रॉस सोसाईटी ने अपना विशेष मुकाम बनाया है, जिस कड़ी में रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम ने भी अपने सदस्यों, शुभचिन्तकों व कार्यकर्ताओं के माध्यम से पीड़ित मानवता की सेवा के हर क्षेत्र में रक्तदान से लेकर अन्नदान तक एवं प्रशासन से लेकर चिकित्सा जगत को हर सम्भव मदद पहुंचाने का प्रयास किया है. उन्होने कहा कि आज ऐसे में सैकड़ों लोग जो सदस्य बनना चाहते हैं, उनके लिए दो माह का विशेष सदस्यता अभियान शुरु किया गया है, उन्होने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपनी सामर्थ्य एवं रुचि के अनुसार रेड क्रॉस की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैँ. रेड क्रॉस की सदस्यता में कम्पनियों, संस्थाओं एवं संस्थान के 5 वर्षों के लिए 50 हजार रुपये की सांस्थानिक सदस्यता (इंस्टीट्युशनल मेम्बरशिप), पेट्रन मेम्बरशिप (लाईफ) 20100/-, वाईस पेट्रन (लाईफ) 10,100/-, लाईफ मेम्बरशिप 600/- का शुल्क है. रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने सामाजिक लोगों से आग्रह किया है कि वे विश्वव्यापी संस्था रेड क्रॉस सोसाईटी का सदस्य होने का गौरव हासिल करें. रेड क्रॉस की सदस्यता के लिए फार्म बिष्टुपुर 20 एम रोड (कमानी सेन्टर के बगल) स्थित रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम कार्यालय के साथ साथ साकची डी. सी. ऑफिस रोड स्थित रेड क्रॉस भवन में उपलब्ध है. रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के वेबसाईट व फेसबुक पेज पर भी फार्म उपलब्ध है.







