गालूडीह : विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस के मौके पर सामाजिक संस्था निश्चय फाउंडेशन एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय धातकीडीह के संयुक्त तत्वावधान में धातिकीडीह गांव में रविवार को मासिका महोत्सव का आयोजन किया गया. महोत्सव के दौरान विद्यालय की स्वच्छता दूत बच्चियों ने गांव के प्रत्येक घर में जाकर किशोरियों एवं महिलाओं को माहवारी के प्रति शर्म/झिझक तोड़ने व माहवारी के दौरान स्वच्छता हेतु सैनिटरी पैड इस्तेमाल करने की अपील की. इस दौरान उन्होंने महिलाओं को पर्यावरण अनुकूल रियूजेबल सैनिटरी पैड का उपहार भी दिया. महोत्सव के दौरान बच्चों के साथ झारखंड के पैडमैन के नाम से जाने जाने वाले निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार, उमवि धातकीडीह के प्रधानाध्यापक साजिद अहमद, बैद्यनाथ हांसदा, शुभम सिंह सेंगर व अन्य मुख्य रूप से मौजूद थे. कार्यक्रम के दौरान बताया गया की माहवारी स्वास्थ्य के प्रति व्यापक जागरूकता लाने हेतु 28 मई को समूचे विश्व में माहवारी स्वच्छता दिवस मनाया जाता है. धातकीडीह गांव की जागरूक बच्चियां माहवारी स्वच्छता जागरूकता को लेकर उल्लेखनीय प्रयास कर रही हैं, जो अन्य गांवों के लिए भी बेहद प्रेरणा का विषय है.(नीचे भी पढे)
मासिका महोत्सव के माध्यम से विश्व के चार महादेशों एशिया, अफ्रीका, यूरोप व अमेरिका के दर्जनों देशों में माहवारी को उत्सव के रूप में मनाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे माहवारी स्वच्छता के प्रति व्यापक रूप से जागरूकता फैले. विश्व्यापी मासिका महोत्सव में झारखंड की स्वयंसेवी संस्था निश्चय फाउंडेशन भी अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभा रहा है. उमवि धातकीडीह की स्वच्छता दूत बच्चियाँ अवंती मुर्मू, प्रीति मुर्मू, आरती हांसदा, फूलमनी हांसदा, मालती मार्डी और छिता मार्डी ने गर्मी की छुट्टियों का सदुपयोग करते हुए गांव में घर-घर जाकर सभी महिलाओं और बच्चियों से मिलकर, गांव में माहवारी जागरूकता की स्थिति को लेकर एक विस्तृत रिसर्च किया. इस दौरान उन्होंने 176 महिलाओं व किशोरियों से बातचीत की. बच्चियों को रिसर्च मेथडोलॉजी के बारे में निश्चय फाउंडेशन के द्वारा प्रशिक्षित किया गया था. बच्चों व महिलाओं की भागीदारी से समूचे गांव को माहवारी से जुड़े टैबू से मुक्त कराने के साथ साथ सैनिटरी पैड के निस्तारण से होने वाले पर्यावरण हानि को भी कम करने की कोशिश की जा रही है. इस क्रम में गांव की सभी बच्चियां व महिलाओं तक प्रोजेक्ट बाला रियूजेबल सैनिटरी पैड पहुंचाने के लिए कार्य किया जा रहा है, जिसका इस्तेमाल महिलाएं धोकर बार-बार कर सकती हैं.(नीचे भी पढे)
इससे महिलाओं को हर महीने सैनिटरी पैड खरीदने के खर्च से भी निजात मिलेगी. निश्चय फाउंडेशन के 6वे स्थापना दिवस पर गांव में आयोजित मासिका महोत्सव के दौरान उपयोगी जानकारियों के साथ रियूजेबल सैनिटरी पैड का उपहार मिलने से सभी किशोरिया व महिलाओ ने बेहद खुशी जाहिर की. मौके पर मुनि मुर्मू, प्रिया हेंब्रम, रानी मुर्मू, लखीमनी हांसदा, अष्टमी सोरेन, आशा मुर्मू, नेहा मुर्मू, प्रिया मुर्मू, मोमिता हेंब्रम, शिवानी मुर्मू, पिंकी मुर्मू, लक्ष्मी सोरेन, मोमिता मुर्मू, बाहा हेंब्रम, कल्पना हेंब्रम, आरसू मुर्मू, सोनामनी मुर्मू, संगीता मुर्मू, गुरूवारी हांसदा, अनीता हांसदा, दुली हांसदा, सलोनी सोरेन समेत लगभग 100 ग्रामीण महिलाओं व किशोरियों ने महोत्सव में भाग लिया.