
चाईबाबा : वैश्विक महामारी कोरोना के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका का संकट न हो इसके लिए पश्चिमी सिंहभूम उप विकास आयुक्त आदित्य रंजन के नेतृत्व में जिला प्रशासन काम करने को इच्छुक सभी को मनरेगा के तहत रोजगार देने के लिए तत्पर है। मनरेगा के तहत ससमय भुगतान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी कार्य सामाजिक दूरी का पालन करते हुए और मास्क पहनकर ही किए जाएंगे। बिरसा हरित ग्राम योजना, आम वृक्षारोपण, मिश्रित फलदार पौधों का रोपण, तसर एवं लाह उत्पादन हेतु अर्जुन व सेमियालता वृक्षारोपण, गैरमजरूआ जमीन पर ब्लॉक पौधारोपण जैसे कार्य मनरेगा योजना के तहत किए जा रहे हैं।
मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत पंचायत मनोहरपुर पूर्व, ग्राम पुराना मनोहरपुर के लाभुक राजेश नायक की भूमि पर नरेगा (2019-20) के तहत् सिंचाई हेतु कुआं का निर्माण प्रगति पर है तथा लगातार कार्य जोर-शोर से जारी है। लाभुक राजेश नायक पेशे से कृषक हैं और उनकी जमीन पर ही मनरेगा के तहत् कुएं का निर्माण किया जा रहा है। निर्मित कुआं का प्रयोग भविष्य में सिंचाई हेतु किया जाएगा।अभी प्रतिदिन मनरेगा के तहत् लगभग 10 मजदूर कुआं के निर्माण हेतु कार्यरत हैं, जिनका मानदेय का भुगतान भी ससमय किया जा रहा है।














