जमशेदपुर : खुशियां बांटने से बढ़ती हैं और दूसरों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही किसी उत्सव की सबसे बड़ी सार्थकता है. इसी भावना के साथ इनर व्हील क्लब ऑफ जमशेदपुर ईस्ट की ओर से बारीडीह स्थित सिद्देश्वर डेफ एंड डम्ब स्कूल में एक विशेष जन्मदिन समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर क्लब की पीपी नीलिमा प्रकाश के प्यारे पोते दक्ष का जन्मदिन 25 विशेष बच्चों के साथ हर्षोल्लास और उत्साह के माहौल में मनाया गया. कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों के मनोरंजन के लिए आयोजित विभिन्न खेलकूद गतिविधियों से हुई. बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ खेलों में हिस्सा लिया. प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया. इसके बाद केक काटकर दक्ष का जन्मदिन मनाया गया. इस दौरान बच्चों ने भी जन्मदिन की खुशियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. (नीचे भी पढ़ें)

समारोह के अवसर पर सभी 25 बच्चों के बीच बेकरी के स्वादिष्ट व्यंजनों से भरे फूड बॉक्स वितरित किए गए. उपहार और स्वादिष्ट व्यंजन पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखते ही बन रही थी. बच्चों की खिलखिलाहट, मासूम मुस्कान और उनका प्यार भरा आभार पूरे आयोजन का सबसे भावुक और यादगार पल रहा. इस पहल के माध्यम से क्लब ने सामाजिक सरोकार और जरूरतमंद बच्चों के साथ खुशियां साझा करने का सुंदर संदेश दिया.












