जमशेदपुर : जमशेदपुर के ओलीडीह थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 10 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार व्यक्तियों में सुशांत साव, अंशु कुमार एवं पंकज साव शामिल हैं. पुलिस ने उनके पास से ब्राउन शुगर के साथ ही तीन एंड्रॉयड फोन एवं एक टेंपू भी बरामद किया है. नगर पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष ने संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों को उक्त जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि 7 जनवरी को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि ओलीडीह ओपी क्षेत्र में कुछ लोग टेंपू से घूम-घूमकर ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहे हैं. इसके पश्चात वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी के निर्देशन में मुख्यालय 2 डीएसपी के नेतृत्व में ओलीडीह थाना पुलिस ने गठित छापामार दल ने ओलीडीह थानांतर्गत रोड नंबर 1 के पास चेकिंग लगायी. इसी दौरान उधर से गुजर रहा एक टेंपू पुलिल रो गेऱ रप भागने का प्रयास करने लगा. इसे देख पुलिस कर्मियों ने पीछा कर उसको पकड़ा जिसमें चालक सहित तीन लोग सवार थे. उनकी तलाशी लेने पर टेंपू में सवार दो लोगों के पास से एक-एक पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुआ जो करीब 10 ग्राम होगा. पुलिस ने टेंपू चालक सहित तीनों लोगों को गिरफ्तार करने के साथ ही उनके पास से तीन मोबाइल फोन एवं टेंपू भी जब्त कर लिया. गिरफ्तार सुशांत साव एवं अंशु कुमार बिहार के पटना के रहनेवाले हैं, जबकि पंकज साव मानगो ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित कुंवर बस्ती का निवासी है. ओलीडीह पुलिस ने तीनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.















