जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना पुलिस ने वर्ष 2022 के एक पुराने धोखाधड़ी मामले में फरार चल रहे आरोपी अनूप कुमार उर्फ अनूप कुमार सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोपी गोविंदपुर थाना क्षेत्र के जोजोबेड़ा स्थित नीलकंठ अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर-21 का निवासी है. पुलिस के अनुसार वह पिछले कुछ समय से राहरगोड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास अस्थायी रूप से रह रहा था. यह मामला धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और धमकी से जुड़ा हुआ है. पुलिस ने तकनीकी व मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी के ठिकाने का पता लगाया और उसे विधिवत गिरफ्तार किया. इस केस में एक अन्य अभियुक्त को पहले ही न्यायालय से जमानत मिल चुकी है, जबकि अनूप कुमार लगातार फरार चल रहा था. (नीचे भी पढे़ं)
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. परसुडीह थाना प्रभारी ने बताया कि थाना क्षेत्र में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों और आरोपियों के खिलाफ अभियान तेज किया गया है. पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से कानून-व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और फरार अपराधियों में डर का माहौल बनेगा. पुलिस ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में अन्य पुराने मामलों में फरार आरोपियों की भी गिरफ्तारी की जाएगी.







