जमशेदपुर: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत बस स्टैंड गोलचक्कर के समीप शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पति लाला विश्वकर्मा की मौत हो गयी थी. वहीं रविवार को इलाज के दौरान पत्नी नीलम शर्मा ने भी दम तोड़ दिया है. इस दंपती मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है.पत्नी की मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजन और समाज के लोग बड़ी संख्या में सीतारामडेरा थाना पहुंचे और उचित मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह हादसा प्रशासनिक लापरवाही और यातायात अव्यवस्था का नतीजा है. (नीचे भी पढ़े)
बस स्टैंड गोलचक्कर पर अव्यवस्थित ट्रैफिक और सुरक्षा उपायों की कमी ने इस हादसे को जन्म दिया, जिसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए.मृतक लाला विश्वकर्मा पेशे से एलआईसी एजेंट थे और परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा थे. दंपती के दो छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया है. बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा देने, दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है. फिलहाल पुलिस लोगों को समझाने-बुझाने में जुटी है और मामले की जांच जारी है.















