
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सटे कोवाली थाना अंतर्गत हल्दीपोखर-तिरिंग मार्ग पर रसुनचोपा मध्य विद्यालय के पास एक ट्रेलर ने महिला को अपनी चपेट में ले लिया. इस घटना से महिला की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद ट्रेलर चालक ट्रेलर को लेकर भागने की फिराक में था पर स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया. गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर दिया. सूचना पाकर जादुगोड़ा इंस्पेक्टर इंद्रदेव राम, कोवाली थाना प्रभारी अमित रविदास दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करने लगे. मिली जानकारी के अनुसार छायारानी मंडर सोमवार दोपहर अपने घर के बाहर खड़ी थी. तभी एक ट्रेलर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.


















