जमशेदपुर: रामनवमी और विसर्जन जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क और तैयार है. बुधवार को साकची स्थित सीसीआर में सिटी एसपी कुमार शिवाशिष ने पीसीआर और टैंगो जवानों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस की शुरुआत से लेकर उसके सुरक्षित समापन तक पुलिस की पैनी निगरानी बनी रहेगी. सिटी एसपी ने बताया कि शहर के सभी संवेदनशील इलाकों, मंदिरों और मस्जिदों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जा रही है. पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गयी है और जवानों को देर रात व सुबह के समय अधिक चौकन्ना रहने का निर्देश दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

विसर्जन जुलूस के दौरान पुलिस बल जुलूस के साथ रहेगा और उसके गंतव्य तक पहुंचने तक पूरी निगरानी रखी जाएगी. इस बार सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 1900 पुलिस जवानों की तैनाती की गयी है. इनमें 1300 जिला पुलिस के जवान और 600 बाहरी बल शामिल हैं, जिनमें आरएपी और जैप-6 की टुकड़ियां भी तैनात की गयी हैं. साथ ही, भविष्य में सीएपीएफ की तैनाती की संभावना भी जताई गयी है. शहर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या 200 से बढ़ाकर 340 कर दी गयी है और जुलूस की निगरानी के लिए ड्रोन का भी उपयोग किया जाएगा. यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं और जुलूस मार्गों पर नो-एंट्री लागू रहेगी. शहर के 38 प्रमुख स्थानों पर अस्थायी चेक पोस्ट और बैरिकेडिंग की गयी है. विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च भी शुरू कर दिया गया है. एसपी ने जवानों को अंतिम समय तक सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि जुलूस की वापसी यात्रा पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी है, ताकि पूरा आयोजन शांति और सुरक्षा के साथ संपन्न हो सके. उन्होंने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है.



