जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के सिदगोड़ा कैम्पस में कुलपति प्रो इला कुमार के मार्गदर्शन में संविधान गौरव दिवस का आयोजन किया गया. मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विद्युत वरण महतो, विशिष्ट अतिथि जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहू उपस्थित रहे. दीप प्रज्वलन एवं भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ. जन प्रतिनिधि संजीव सिंह ने अपने वक्तव्य में संविधान की महत्ता का उल्लेख किया. (नीचे भी पढ़ें)

कुलपति प्रो इला कुमार ने अपने वक्तव्य में संविधान निर्माण एवं संविधान के क्रियान्वय पर प्रकाश डाला. डॉ भीम राव अम्बेडकर के साथ साथ लौह पुरुष सरदार पटेल ने 562 छोटी- बड़ी रियासतों का भारतीय संघ में विलयन कर भारतीय एकता कायम की. वर्तमान समय में भी एकजुटता की आवश्यकता है. आवश्यकता इस बात की है कि आज के युवा भी संविधान की महत्ता से अवगत हों. (नीचे भी पढ़ें)

विशिष्ट अतिथि विधायक पूर्णिमा साहू ने अपने वक्तव्य में कहा कि आज संविधान को सिर्फ पढ़ना नहीं है, बल्कि जीना है. अपने अधिकारों का सही उपयोग करना है. अपने वक्तव्य में उन्होंने ज्योतिबा फुले का उल्लेख किया, जिन्होंने समाज से लड़ते हुए पत्नी को भी शिक्षित किया. वर्तमान समय में युवाओं को संविधान को समझने की आवश्यकता है. मुख्य अतिथि, सांसद विद्युत वरण महतो ने अपने वक्तव्य में संविधान की महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि डॉ भीमराव अंबेदकर ने संविधान बननेके समय विशेष रूप से दलितों, पिछड़ों और वंचितों को संविधान में जगह दिलाई. यह हमारे लिए मुख्य बात है कि हमारे भारतवर्ष में विभिन्न जाति धर्म के लोग रहते हैं और इस बड़ी जनसंख्या को लेकर ऐसे संविधान का निर्माण किया गया, जिसमें सभी लोगों को समानता का अधिकार मिले वर्तमान समय में आवश्यक है कि युवाओं के बीच जाकर हम संविधान की जानकारी दें उनको उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करें. वही हमारे भविष्य के निर्माता हैं. (नीचे भी पढ़ें)

मुख्य अतिथि सांसद विद्युत वरण महतो ने एनएसएस की अंकिता सेतुआ, निकिता कुमारी एवं कुमारी आराध्या राय एवं एनएसएस की तान्या कुमारी गुप्ता को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया. सिदगोड़ा कैम्पस में इस कार्यक्रम में लाइव तीसरे, चौथे, पांचवे फ्लोर लेक्चर थिएटर में भी विभिन्न संकायों के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं छात्राएं सम्मिलित हुए. बिष्टुपुर कैम्पस में उपस्थित सभी शिक्षक , शिक्षकेतर कर्मचारी एवं छात्राएं डिजिटल माध्यम से कार्यक्रम में सहभागी बने. धन्यवाद ज्ञापन कुल सचिव डॉ सलोमी कुजूर ने किया. कार्यक्रम में विभिन्न गणमान्य अतिथि, डॉ किश्वर आरा, डॉ सुधीर साहू, डॉ अन्नपूर्णा झा, डॉ ग्लोरिया पुर्ती, डॉ मनीषा टाइटस, डॉ पुष्पा कुमारी, डॉ कामिनी कुमारी, डॉ रितेश ठाकुर, डॉ केया, डॉ सनातन दीप आदि सहित विभिन्न शिक्षक एवं शिक्षकेतर बंधु एवं छात्राएं उपस्थित थे.












