जमशेदपुर : जमशेदपुर में बकरीद को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है. शहर के विभिन्न बकरा बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है, लेकिन इन दिनों एक खास बकरा लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. बीटल नस्ल का यह बकरा ‘शेरा’ अपनी ऊंची कीमत, शानदार कद-काठी और खास खानपान की वजह से पूरे बाजार में चर्चा का विषय बना हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)

बताया जा रहा है कि ‘शेरा’ की कीमत 1 लाख 50 हजार रुपये रखी गई है. बाजार में पहुंचने वाले लोग इस बकरे को देखने के लिए रुक जा रहे हैं. उसके लंबे शरीर, बड़े-बड़े कान और दमदार बनावट को देखकर लोग हैरान हो रहे हैं. यही नहीं, कई लोग उसके साथ तस्वीरें और सेल्फी लेते भी नजर आ रहे हैं. ‘शेरा’ के मालिक मोहम्मद हफीज ने बताया कि यह बीटल प्रजाति का बकरा है, जिसकी उम्र करीब साढ़े तीन साल है. उन्होंने कहा कि इस बकरे की देखभाल परिवार के सदस्य की तरह की जाती है. उसके खानपान पर प्रतिदिन लगभग 500 से 600 रुपये तक खर्च होते हैं. उन्होंने बताया कि ‘शेरा’ को खास तौर पर पौष्टिक आहार दिया जाता है. इसके भोजन में काजू, बादाम, दूध और घी में हल्का भुना हुआ मखाना शामिल होता है. (नीचे भी पढ़ें)

मखाना इसका सबसे पसंदीदा भोजन है. नियमित देखभाल और पौष्टिक आहार की वजह से इसकी चमकदार त्वचा, मजबूत शरीर और अच्छी सेहत लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है. मोहम्मद हफीज के अनुसार, बकरे का नाम ‘शेरा’ उसकी चाल, रंग और मजबूत शरीर को देखकर रखा गया. उन्होंने बताया कि उसकी कद-काठी काफी हद तक शेर जैसी प्रतीत होती है, इसलिए उसे यह नाम दिया गया. बकरे के पैरों में बांधी गई रंगीन चूड़ियां और गर्दन में लगी घंटी उसकी खूबसूरती में चार चांद लगा रही हैं. बकरीद के मौके पर बाजार में 10 हजार रुपये से लेकर लाखों रुपये तक के बकरे बिक्री के लिए उपलब्ध हैं, लेकिन ‘शेरा’ ने अपनी अलग पहचान बना ली है. बाजार में आने वाले लोगों के बीच यह बकरा खास आकर्षण बना हुआ है. बकरीद के इस सीजन में ‘शेरा’ केवल एक बकरा नहीं, बल्कि जमशेदपुर बकरा बाजार की सबसे चर्चित पहचान बन चुका है.







