जमशेदपुर : जमशेदपुर जिला बार एसोसिएशन में हुई गड़बड़ी के मामले को लेकर शनिवार को हुई झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली खंडपीठ के समक्ष अनुसंधानकर्ता (आइओ) भूषण कुमार सशरीर उपस्थित हुए. इस मामले में आइओ को कहा गया हैकि वे इस मामले की अब तक हुई जांच रिपोर्ट का सारा ब्योरा कोर्ट में प्रस्तुत करें और इसकी जांच में तेजी लाये. इस मामले में झारखंड हाईकोर्ट ने आइओ को कहा कि अगर किसी तरह की देरी हुई और किसी तरह की गड़बड़ी हुई तो कोर्ट इस मामले मेंएक्शन ले सकता है. इसको लेकर अगली सुनवाई की तिथि 4 जुलाई निर्धारित किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
आपको बता दें कि जमशेदपुर कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश जायसवाल की ओर से एक जनहित याचिका दाखिल की गयी थी. उन्होंने जमशेदपुर जिला बार एसोसिएशन की ऑडिट कीमांग की थी और गड़बड़ी का आरोप लगाया था. इस मामले में झारखंड स्टेट बार काउंसिल ने बार एसोसिएशन में हुई गड़बड़ी की जांच की थी. इस जांच की रिपोर्ट के आधार पर एफआइआर दायर किया गया था. कोर्ट ने इस मामले में राज्य के मुख्य सचिव, गृह सचिव, डीजीपी, जमशेदपुर के एसएसपी को आरोपी बनाया है. इस मामले में याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता राजीव कुमार केस की पैरवी कर रहे है. इस मामले में पिछली सुनवाई में आइओ को सशरीर उपस्थित होने को कहा गया था.





